एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने किया थाना कप्तानगंज का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश



कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा ने शनिवार, 22 नवंबर 2025 को थाना कप्तानगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एएसपी वर्मा ने थाना के विभिन्न अभिलेखों की सूक्ष्म एवं गहन जांच की।
अधिकारियों ने इसके उपरांत थाने के परिसर, भोजनालय, शस्त्रागार तथा साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएँ उच्च कोटि की बनी रहें। उन्होंने शस्त्रों के उचित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए संबंधित कर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन का संदेश दिया।
एएसपी वर्मा ने सीसीटीएनएस पर कार्यरत पुलिस कर्मियों से सीसीटीएनएस तथा आईजीआरएस प्रकरणों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने थाने पर तैनात सभी विवेचकों को चल रहे अभियान के तहत अधिक से अधिक विवेचनाओं के निस्तारण का आदेश दिया। साथ ही अपराध नियंत्रण, जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी प्रदान किए।
एएसपी के निरीक्षण से थाना स्टाफ में सतर्कता व कार्यकुशलता बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।