धर्मपुर–चौपरिया–सिधुआ बांगर मार्ग के निर्माण को मिली मंजूरी, विधायक पी.एन. पाठक की पहल की ग्रामीणों ने की सराहना

कुशीनगर। विधानसभा कुशीनगर-333 से विधायक पी.एन. पाठक द्वारा क्षेत्र के ग्रामीण मार्गों को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक की अनुशंसा पर धर्मपुर से चौपरिया चौराहा होते हुए सिधुआ बांगर तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया है तथा परियोजना को सैंक्शन भी प्राप्त हो चुका है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग के बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने में आसानी होगी और अनेक गांवों को विकास की मुख्यधारा से सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि “विकास से कोई गाँव अछूता नहीं रहेगा। क्षेत्र की हर सड़क, हर बुनियादी सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।”
ग्रामीणों ने विधायक के इस प्रयास और दूरदर्शिता की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। परियोजना पूर्ण होने पर यह सड़क कसया क्षेत्र के यातायात का एक महत्वपूर्ण लिंक मार्ग साबित होगी।