अर्जुनहा चौराहे से स्कूटी और कसया बस स्टेशन से मोटरसाइकिल चोरी, अधिवक्ता परिवार दो बार बना शिकार
कुशीनगर।


थाना रबिन्द्र नगर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। ग्राम सभा चौपरिया निवासी श्रीमती विमला देवी चौबे के पति श्री प्रमोद चौबे, जो दीवानी न्यायालय कसया में अधिवक्ता हैं, दो माह के भीतर दो बार वाहन चोरी का शिकार हो चुके हैं।
घटना के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को अर्जुनहा चौराहे पर उनकी स्कूटी एक्टिवा चोरी हो गई। अधिवक्ता प्रमोद चौबे रोज की तरह कसया दीवानी न्यायालय जा रहे थे। चौराहे पर एक दुकान पर चाय पीने के लिए कुछ देर रुके, लेकिन लौटकर देखा तो उनकी स्कूटी गायब थी। आसपास खोजबीन करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना रबिन्द्र नगर को दी।
दूसरी घटना कुछ दिन बाद तब हुई जब प्रमोद चौबे अपनी बेटी को कसया बस स्टेशन छोड़ने पहुंचे थे। बेटी को बस पर बैठाने के बाद जैसे ही उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, उनकी मोटरसाइकिल भी गायब हो चुकी थी।
लगातार दो वाहन चोरी हो जाने से अधिवक्ता परिवार में गहरी चिंता है। वाहन स्वामी श्रीमती विमला देवी ने बताया कि—
“दो महीने में हमारी दो गाड़ियाँ चोरी हो गईं, लेकिन अब तक पुलिस एक भी वाहन बरामद नहीं कर पाई है। हम न्याय की उम्मीद में बार-बार थाने के चक्कर लगा रहे हैं।”
इन घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी होना पुलिस के लिए गंभीर चुनौती है।
पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है और वाहन चोरी करने वाले गिरोह की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।