जमीनी बंटवारे में विधवा को न्याय नहीं—धमकियों से दहशत में जलेसरी देवी, SP कार्यालय में लगाई गुहार

धनहां, थाना पटेहेरवा, कुशीनगर।
गांव धनहां में जमीनी बंटवारे को लेकर एक विधवा पर लगातार अत्याचार और धमकियों का मामला सामने आया है। जलेसरी देवी पत्नी स्वर्गीय किशोर और संध्या देवी पत्नी रामरूप ने आरोप लगाया है कि नंदू पुत्र शिवधारी, संदीप पुत्र शिवधारी, शिला देवी पत्नी नंदू तथा सीता देवी पत्नी संदीप द्वारा उनके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि लगभग 20 वर्ष पहले पंचायत के तय बंटवारे के अनुसार चारों पक्षों को बराबर हिस्सा मिल चुका है और सभी लोग अपनी-अपनी जमीन पर काबिज भी हैं, लेकिन इसके बावजूद नंदू और संदीप पक्ष द्वारा बेईमानी करते हुए उनके हिस्से की भूमि हड़पने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ितों ने बताया कि विरोध करने पर उन्हें मारपीट व खून-खराबे की धमकियाँ दी जाती हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। कई बार शिकायत के बाद भी थाना-पटेहेरवा व तहसील स्तर पर कार्रवाई न होने से निराश होकर अंततः जलेसरी देवी और संध्या देवी पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक न्याय की गुहार लेकर पहुंचीं।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लेखपाल और स्थानीय पुलिस को किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए और तत्काल मौके पर पहुँचकर निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।