परवाना की कृति मेला का हुआ भव्य विमोचन

रचनाकार का सम्मान साहित्य सृजन की प्रेरणा:अभय सिंह

कुशीनगर (जगदीश सिंह)
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति, जनपद इकाई कुशीनगर की ओर से तहसील क्षेत्र कसया के साखोपार में रविवार को आयोजित भव्य सम्मान एवं पुस्तक विमोचन समारोह में राहुल सांकृत्यायन सम्मान प्राप्त कविवर चंदेश्वर शर्मा परवाना की चर्चित कृति मेला का विमोचन किया गया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विमोचन के अवसर पर उत्तर प्रदेश श्रम निर्माण एवं कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) के सदस्य अभय प्रताप नारायण सिंह ने कहा कि भोजपुरी कवि परवाना ने अपनी रचनाओं के माध्यम से कुशीनगर का नाम देश-विदेश में रोशन किया है। इस प्रकार के आयोजन उदीयमान रचनाकारों को प्रेरणा देते हैं और साहित्य सृजन की राह को सशक्त बनाते हैं।

प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि कवि परवाना ने भोजपुरी भाषा को समृद्ध करने का कार्य किया है, जिससे पूरा समाज गौरवान्वित है। किसान नेता गोबर्द्धन प्रसाद गोंड ने कहा कि सृजन एक कठिन कार्य है और कवि परवाना ने इस दिशा में युवाओं के लिए प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कवि दिनेश कुमार तिवारी भोजपुरिया ने मेला की समीक्षा करते हुए इसे गंवई परिवेश की उत्कृष्ट रचना बताया, वहीं दिनेश कुमार पांडेय डीके ने कहा कि परवाना की रचनाएं भोजपुरी लोक साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं।
अपने संबोधन में कवि चंदेश्वर शर्मा परवाना ने कहा कि लोक की समृद्धि के लिए कवि और पत्रकारों को निरंतर कार्य करना चाहिए। हमें गद्य, पद्य और नाटक लिखकर साहित्य का मेला लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में कवि जनार्दन अश्वनी द्विवेदी आकाश महेशपुर राम नरेश शर्मा विश्व भोजपुरी मंच के जिलाध्यक्ष आर.के.भट्ट बावरा और डॉ. अवधेश नंद ने अपनी रचनाओं से वातावरण को साहित्यिक रंग में रंग दिया।
अतिथियों का स्वागत अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रताप नारायण सिंह, विनय कुमार उपाध्याय दिनेश कुमार ओझा विनोद तिवारी ग्राम प्रधान शैलेश प्रताप नारायण सिंह, जिलाध्यक्ष हृदयानंद शर्मा, असफाक अंसारी विजय राव आदित्य कुमार दीक्षित संदीप मिश्रा एहतेशाम मिंटू लारी, एडवोकेट कुशल प्रताप सिंह, मस्तराज शर्मा, मुन्ना राय आदि ने किया। कवि परवाना को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
काव्यात्मक संचालन डॉ. घनश्याम तिवारी ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत रक्षा वाहिनी एस.पी. सिंह, चंद्र भूषण पांडेय, संजय सिंह, आफताब आलम, मंतोष जायसवाल, दया शंकर सिंह, फेकू सिंह, ब्रह्मा सिंह, आशुतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी व बुद्धिजीवी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Comment