




कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करना है।
इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों और एंटी रोमियो स्क्वॉड ने बाजारों, शिक्षण संस्थानों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार भी किया गया, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर बेवजह घूम रहे युवकों को चेतावनी दी।
महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें निःसंकोच पुलिस से संपर्क करने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर सतत प्रयास किए जाएंगे।