वीआईपी जोन में अधूरा नाला निर्माण, व्यापारी आक्रोशित

यहाँ से बिजली हैडील तक नहीं हुआ नाले का निर्माण

कुशीनगर। नगर पालिका परिषद कसया का सबसे वीआईपी इलाका माने जाने वाले गांधी चौक से बिजली हैडील मार्ग तक सड़क के किनारे जलनिकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। गांधी चौक से कुशवाहा रेडियो कॉरपोरेशन तक नाले का निर्माण तो हो गया, लेकिन इसके बाद का कार्य महीनों से ठप पड़ा है।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि शेष 40 से 45 दुकानदारों के सामने अब भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश कुमार जायसवाल इस ओर कोई रुचि नहीं दिखा रहे, जिससे उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।

बरसात के दिनों में दुकानों के सामने गंदा पानी भर जाने से ग्राहकों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है और व्यापार पर बुरा असर पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि वीआईपी जोन होने के बावजूद नगर पालिका की लापरवाही समझ से परे है।

नागरिकों ने नगर पालिका से मांग की है कि नाले का अधूरा कार्य तत्काल पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि यदि नाले का शेष निर्माण समय पर पूरा हो गया तो यह क्षेत्र के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं होगा।

अब देखना यह है कि नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इस मामले पर क्या रुख अपनाते हैं।

केoएनoसाहनी
कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment