जल्द चलेगा अवैध क्लिनिकों पर कानूनी डंडा:CMO

Spread the love

कथित झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, जल्द चलेगा अभियान

शांति चौराहा, जानकीनगर और शाखोपार , नरसर चौराहे पर बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री के इलाज करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी; दवाएं जब्त कर क्लीनिक सील करने की होगी कार्रवाई

अवैध क्लिनिक संचालकों की खैर नहीं

कुशीनगर। जनपद में बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री और आवश्यक पंजीकरण के मरीजों का उपचार करने वाले कथित झोलाछाप चिकित्सकों की अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो पडरौना क्षेत्र के शांति चौराहा, जानकीनगर और शाखोपार , नरसर चौराहे पर संचालित कुछ कथित क्लीनिक स्वास्थ्य विभाग के निशाने पर हैं।

बताया जा रहा है कि इन स्थानों पर कथित रूप से बिना मान्य चिकित्सकीय योग्यता के मरीजों को सुई लगाने, ग्लूकोज की बोतल चढ़ाने और विभिन्न बीमारियों का उपचार करने का काम किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और जागरूकता की कमी का फायदा उठाकर भोले-भाले मरीज ऐसे लोगों के संपर्क में आ जाते हैं। बिना उचित चिकित्सकीय योग्यता के उपचार कराना मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।

सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने कार्रवाई के दिए संकेत

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश ने मीडिया को बताया कि स्वास्थ्य विभाग अभियान चलाकर ऐसे कथित अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों की जांच करेगा। जांच में नियमों का उल्लंघन और अनधिकृत चिकित्सा गतिविधियां प्रमाणित होने पर वहां रखी दवाओं को जब्त करने तथा नियमानुसार क्लीनिक या दुकान सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ ने मीडिया से जनहित में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने की अपील करते हुए कहा कि आम जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि भोले-भाले लोग बिना योग्य चिकित्सक के इलाज कराने के जाल में न फंसें।

सरकारी अस्पतालों में जांच और इलाज की निःशुल्क सुविधा

सीएमओ ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए उपचार और जांच की निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसलिए आम नागरिकों को बिना चिकित्सकीय योग्यता और आवश्यक पंजीकरण वाले लोगों से उपचार कराने से बचना चाहिए। किसी भी बीमारी की स्थिति में नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला अस्पताल पहुंचकर योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

अब कार्रवाई का इंतजार, कब जागेगा स्वास्थ्य विभाग का अभियान?

शांति चौराहा, जानकीनगर और शाखोपार चौराहे पर संचालित कथित क्लीनिकों की जांच और कार्रवाई को लेकर अब लोगों की निगाहें स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं। सवाल यह है कि अभियान कब शुरू होगा और जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी?

जनहित से जुड़े इस मामले में जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को भी अभियान की नियमित निगरानी करनी चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा के नाम पर किसी की जिंदगी के साथ खिलवाड़ न हो।

टीपी सिंह गोरखपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *