कुशीनगर में बिजली बकायेदारों पर विभाग सख्त, 10 हजार से अधिक बकाये पर कनेक्शन काटने की चेतावनी

Spread the love

कुशीनगर में बिजली बकायेदारों पर विभाग सख्त, 10 हजार से अधिक बकाये पर कनेक्शन काटने की चेतावनी

अवर अभियंता पिंटू बिंद की उपभोक्ताओं से अपील—समय से जमा करें बिजली बिल, बकाया वसूली के लिए गठित की गईं टीमें

रविन्द्रनगर धूस, कुशीनगर। बिजली बिल का बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने वसूली अभियान तेज करने की तैयारी की है। रविन्द्रनगर धूस स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता पिंटू बिंद ने क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल का भुगतान समय से सुनिश्चित करें, ताकि बकाया बढ़ने और कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।

विभागीय निर्देश के अनुसार, बकाया वसूली के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। टीम के सदस्य उपभोक्ताओं के परिसर पर पहुंचकर बकाया बिल जमा कराने के लिए बातचीत करेंगे और भुगतान के लिए प्रेरित करेंगे।

10 हजार रुपये से अधिक बकाये पर विशेष नजर

अवर अभियंता पिंटू बिंद ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जिनका बिजली बिल 10 हजार रुपये से अधिक बकाया है, वे जल्द से जल्द भुगतान कर दें। निर्धारित नियमों के अनुसार बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत कनेक्शन विच्छेदन सहित आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

अलग-अलग फीडरों पर कर्मचारियों की तैनाती

जारी सूची के अनुसार, विभिन्न फीडरों पर कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। शाखोपार फीडर पर सूर आलम अंसारी, बृजेश चौहान एवं राजकुमार चौहान; जानकीनगर फीडर पर मुरारी यादव एवं फरियाद अंसारी; रविन्द्रनगर एवं तहसील फीडर पर किशन यादव, सैय्यद अली एवं अमित यादव तथा भरवलिया फीडर पर मदन कुशवाहा एवं संदीप मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निर्देश में अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज फीडर पर तैनात कर्मचारियों को भी अपने निर्धारित कार्यों के अनुसार अभियान में सक्रिय रहने की बात कही गई है।

समय से बिल जमा कर विभाग को सहयोग दें उपभोक्ता

अवर अभियंता पिंटू बिंद ने कहा कि बिजली बिल का समय पर भुगतान करना उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वे अपने बिल की बकाया राशि की जांच कर समय से भुगतान करें। इससे विभागीय राजस्व वसूली में सहयोग मिलेगा और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

रिपोर्ट: के.एन. साहनी, कुशीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *