जनता की सेवा ही मेरा लक्ष्य, विकास की नई सोच के साथ हर घर तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं: राजन सोनी

जनता की सेवा ही मेरा लक्ष्य, विकास की नई सोच के साथ हर घर तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं: राजन सोनी,,
पडरौना, कुशीनगर (सच्ची रिपोर्ट न्यूज उत्तर प्रदेश)।
नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार एवं छात्र संघ अध्यक्ष पडरौना तथा स्वर्णकार एवं सर्राफ संघ कुशीनगर के अध्यक्ष राजन सोनी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि नगर की जनता की निस्वार्थ सेवा करना है। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो नगर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक गली तक विकास की रोशनी पहुंचाई जाएगी तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
राजन सोनी ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों के घर तक पहुंचाने की दिशा में विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाना होगा। इसके लिए स्वच्छता, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, बेहतर यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगारपरक योजनाएं तथा व्यापारियों के हितों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
राजन सोनी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष सहायता शिविर लगाए जाएंगे, जिससे किसी भी जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि नगर की समस्याओं का समाधान जनता के बीच जाकर किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में नियमित जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी और उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से पडरौना नगर को विकास, स्वच्छता, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और पारदर्शी कार्यशैली के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाएगी।
राजन सोनी ने कहा कि उनका संकल्प राजनीति नहीं, बल्कि सेवा की भावना के साथ नगर के प्रत्येक नागरिक के सुख-दुख में सहभागी बनना है। उन्होंने नगरवासियों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि सभी के साथ और सभी के विकास की भावना के साथ पडरौना नगर को एक आदर्श नगर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Post

Leave a Comment