नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ा, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
कुशीनगर। लगातार हो रही बारिश के चलते नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान ने नदी के आसपास बसे गांवों के लोगों से सजग और सतर्क रहने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति उत्पन्न होने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नदी के किनारे जाने से बचें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

