383 तोते बरामद, वन विभाग की छापेमारी में बड़ी कार्रवाई

Spread the love

कुशीनगर। अवैध रूप से तोते रखने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गड़ैता श्रीराम, पोस्ट माधोपुर बुजुर्ग स्थित एक घर पर छापेमारी कर 383 तोते बरामद किए हैं। बड़ी संख्या में संरक्षित पक्षियों की बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया।

वन विभाग के मुताबिक करीब एक माह पूर्व ग्राम अकबरपुर टोला बड़वाछापर निवासी मोहम्मद मुबारक पुत्र मोहम्मद इस्तहाक को अवैध रूप से तोते रखने के आरोप में पकड़ा गया था। न्यायालय के आदेश पर उसे 12 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।

पूछताछ के दौरान मिले स्रोतों तथा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रभागीय वनाधिकारी कुशीनगर के निर्देशन में क्षेत्रीय वन अधिकारी तमकुही की टीम ने 23 सितंबर 2026 की सुबह विजय गौड़ के घर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान घर में बनाए गए जालीनुमा कमरे से 383 तोते बरामद हुए। वन विभाग की टीम ने सभी पक्षियों को अपने कब्जे में लेते हुए मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बड़ी संख्या में तोते बरामद होने के बाद वन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इन पक्षियों को कहां से लाया गया और इनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। विभागीय कार्रवाई के बाद अवैध रूप से पक्षियों को रखने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *