कुशीनगर में 40 लाख की अफीम के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार

कसया पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी की संयुक्त कार्रवाई, 6.900 किलो अफीम बरामद
कुशीनगर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कसया पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बाराबंकी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना कसया क्षेत्र से एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.900 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
नेपाल से अफीम लेकर पहुंचा था कसया, पुलिस ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेषनाथ साहनी उर्फ बद्रीनाथ पुत्र विनोद साहनी, निवासी ग्राम रामनगर, थाना मिम्रौनगढ़, जिला बारा, नेपाल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से अफीम के अलावा एक कीपैड मोबाइल, 200 रुपये नकद और नेपाल की भंसार नकदी रसीद बरामद हुई है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर थाना कसया में मुकदमा अपराध संख्या 0552/2026, धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के निर्देशन में संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
संयुक्त टीम में थानाध्यक्ष कसया इत्यानन्द पाण्डेय, एएनटीएफ बाराबंकी के उपनिरीक्षक सूरज सिंह, उपनिरीक्षक राहुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार पाण्डेय सहित कसया थाना और एएनटीएफ बाराबंकी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर
