किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन कराना होगी प्राथमिकता

कुशीनगर (सच्ची रिपोर्ट टीम)।
जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। आम जनता और किसानों से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण हमारी पहली जिम्मेदारी है। यह बातें तहसील कसया के नवागत तहसीलदार अविनाश चौधरी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं।
वर्ष 2016 बैच के पीसीएस अधिकारी अविनाश चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जनपद के निवासी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवाकाल की शुरुआत जनपद इटावा में राजस्व विभाग से की। वहां उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण के साथ आम जनता एवं किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया।
इसके बाद शासन स्तर से स्थानांतरण होने पर उन्हें जनपद उन्नाव में तैनाती मिली। वहां भी उन्होंने राजस्व कार्यों के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र किसानों एवं लाभार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाई।
इधर प्रदेश सरकार की स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत उन्नाव में तहसीलदार के पद पर कार्यरत रहे अविनाश चौधरी को जनपद कुशीनगर की तहसील कसया का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सर्वेक्षण एवं अन्य प्रशासनिक कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों का अक्षरशः पालन कराना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। साथ ही तहसील क्षेत्र की जनता, किसानों और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
नवागत तहसीलदार के इस वक्तव्य से तहसील क्षेत्र के लोगों को राजस्व एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की अपेक्षा है।
सच्ची रिपोर्ट टीम, कुशीनगर।
