
पीड़ितों की फरियाद सुनना, उचित मार्गदर्शन देना और समाधान का रास्ता प्रशस्त करना बनी कार्यशैली
कुशीनगर (सच्ची रिपोर्ट)।
पुलिस विभाग में वर्दी की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, उन्हें उचित मार्गदर्शन देना और न्याय की दिशा में समाधान का रास्ता प्रशस्त करना भी एक महत्वपूर्ण दायित्व है। इसी कार्यशैली के चलते सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने कुशीनगर जनपद में अपनी अलग पहचान बनाई है।
वर्ष 2015 बैच के सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार मूल रूप से जनपद मऊ के निवासी हैं। उनका स्थानांतरण वर्ष 2023-24 में जनपद महराजगंज से जनपद कुशीनगर के लिए हुआ। वर्ष 2024 में उन्होंने कुशीनगर जनपद में अपना कार्यभार संभाला। इसके बाद अहिरौली बाजार, चौरा खास, बरवापट्टी और तुर्कपट्टी सहित विभिन्न थानों पर अपनी सेवाएं दीं।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पीड़ितों की फरियाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुनने, उनकी समस्याओं को समझने और नियमानुसार समाधान का मार्ग प्रशस्त करने का प्रयास किया। उनकी कार्यशैली की खास बात यह रही कि फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों को उचित मार्गदर्शन देने और उन्हें अनावश्यक रूप से भटकने से बचाने पर विशेष ध्यान दिया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने भी उन्हें समय-समय पर विभिन्न थानों की जिम्मेदारी सौंपी, जिसका उन्होंने अपनी क्षमता और अनुभव के अनुसार निर्वहन किया। विभागीय जिम्मेदारियों के बीच जनता से संवाद और पीड़ितों की समस्याओं को सुनना उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
इसी क्रम में 6 अक्टूबर 2026 से सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में बतौर थानाध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। क्षेत्र की जनता को उनसे निष्पक्ष पुलिसिंग, बेहतर कानून-व्यवस्था और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल की उम्मीद है।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि वह पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी पडरौना के निर्देशन में कार्य करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। साथ ही निर्दोषों को अनावश्यक रूप से परेशान होने से बचाना, पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और कानून के दायरे में निष्पक्ष कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
पुलिस की वास्तविक छवि जनता के बीच उसके व्यवहार और कार्यशैली से बनती है। ऐसे में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार के सामने भी जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सच्ची रिपोर्ट, कुशीनगर
ना पक्ष! ना विपक्ष! सिर्फ निष्पक्ष!
