खास खबर | सच्ची रिपोर्ट
पडरौना में भीषण बस हादसा: 16 घायलों में नेहा की मौत, दो की हालत चिंताजनक
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. केपी गोंड ने की पुष्टि, निजी अस्पतालों में भी घायलों के भर्ती होने की सूचना





पडरौना, कुशीनगर। पडरौना स्थित सीटी मॉल के पास हुए भीषण बस हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल लोगों की चीख-पुकार से अस्पताल का कोना-कोना गूंज उठा। इस दर्दनाक घटना में नेहा नामक महिला की मौत हो गई, जबकि दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई गई है।
कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. केपी गोंड ने बताया कि बस दुर्घटना में घायल होकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे 16 लोगों में नेहा नामक महिला की मौत हो गई। अन्य घायलों का चिकित्सकीय टीम की देखरेख में उपचार किया जा रहा है।
हादसे में घायल लोगों के नाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायलों में निम्नलिखित लोगों के नाम सामने आए हैं—
- अरविंद सिंह, पुत्र शंभू सिंह, निवासी धर्मपुर बुजुर्ग, टेंपो चालक।
- अरविंद मिश्रा, उम्र लगभग 40 वर्ष, पुत्र राम आधार, निवासी जोकवा बाजार (लक्ष्मीपुर), थाना चौराखास, जनपद कुशीनगर।
- अनुष्का यादव, उम्र 15 वर्ष, पुत्री सुरेंद्र यादव, निवासी परसौना, थाना कसया, जनपद कुशीनगर।
- गिरिजा देवी, उम्र लगभग 40 वर्ष, पत्नी सुरेंद्र यादव, निवासी परसौना, थाना कसया, जनपद कुशीनगर।
अस्पताल में चीख-पुकार, परिजनों में बेचैनी
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां परिजनों की भीड़ जुटने लगी। अपनों को घायल अवस्था में देखकर परिजन परेशान नजर आए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और बेचैनी का माहौल बना रहा। दो घायलों की हालत चिंताजनक होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
निजी अस्पतालों में भी भर्ती होने की सूचना
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल से कुछ घायलों को निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इन घायलों के संबंध में मेडिकल कॉलेज प्रशासन के पास फिलहाल जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में हादसे में कुल कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी पूरी संख्या की पुष्टि होना बाकी है।
समाचार लिखे जाने तक उपचार जारी
भीषण बस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। नेहा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि अन्य घायलों के परिजन उनके शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। समाचार लिखे जाने तक मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों का इलाज जारी था।
सच्ची रिपोर्ट | विशेष न्यूज, कुशीनगर
ना पक्ष, ना विपक्ष — सिर्फ निष्पक्ष।
