
24 घंटे में ट्रक बैटरी चोरी का खुलासा, दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार,,
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों तथा वांछित/वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना रविन्द्रनगर धूस पुलिस ने ट्रक से बैटरी चोरी के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 अगस्त 2026 को सुबह करीब 4:45 बजे सोहरौना मोड़ के पास दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुमार पुत्र इन्द्रासन, निवासी नादा टोला मुन्नर टोला, थाना कसया, उम्र करीब 35 वर्ष तथा अंशु राजभर पुत्र सुधई, निवासी डुम्मरभार जोलहा टोला, थाना रविन्द्रनगर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।
मामले में थाना रविन्द्रनगर धूस पर मु0अ0सं0 131/2026, धारा 303(2)/324(4)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
दो बैटरी सहित मोटरसाइकिल व मोबाइल बरामद
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से EXIDE X-PRESS XP 1300 की दो बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त UP 57 AN 3137 नंबर की स्पेलेण्डर स्मार्ट मोटरसाइकिल तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन Realme C21-Y और Redmi 10 Power भी बरामद किए गए।
खुलासा करने वाली टीम को किया गया सम्मानित
घटना का त्वरित खुलासा करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के कर्मचारियों को थानाध्यक्ष द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में कांस्टेबल सूरज वर्मा, कांस्टेबल मदन लाल यादव, कांस्टेबल पंकज सिंह, कांस्टेबल विशाल यादव तथा मुंशी प्रहलाद चौहान शामिल रहे।
पुलिस टीम की तत्परता से चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण होने पर अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना की।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।