
होटल संचालकों के साथ थानाध्यक्ष कसया की बैठक, कानून के दायरे में संचालन के निर्देश
कसया, कुशीनगर। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कुशीनगर क्षेत्र में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालन को लेकर थानाध्यक्ष कसया इत्यांनंद पाण्डेय ने होटल संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि होटल का संचालन निर्धारित नियम-कानून के दायरे में ही किया जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।
थानाध्यक्ष ने कहा कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान संबंधी आईडी की जांच एवं आवश्यक विवरण दर्ज किया जाए। मेहमान के आने का उद्देश्य, आगमन एवं प्रस्थान की जानकारी तथा निर्धारित नियमों के अनुसार रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस को जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में नाबालिग लड़के-लड़कियों के होटल में प्रवेश पर विशेष निगरानी और रोक के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के होटल में अनावश्यक प्रवेश को रोकने के लिए संचालकों को सतर्क रहने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि होटल संचालक किसी भी स्थिति में ऐसी गतिविधि की अनुमति न दें, जिससे कानून-व्यवस्था या बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो।
थानाध्यक्ष ने होटल संचालकों को यह भी बताया कि क्षेत्र में पुलिस द्वारा होटलों की रूटीन जांच एवं निरीक्षण किया जा सकता है। इसलिए सभी होटल संचालक अपने अभिलेख दुरुस्त रखें और पुलिस जांच के दौरान आवश्यक सहयोग करें।
पुलिस का कहना है कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र होने के कारण यहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। ऐसे में होटल संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ कानून एवं निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें।
थानाध्यक्ष कसया ने होटल संचालकों से अपील की कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में न करें और होटल संचालन को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाए रखें।