बाबा आदम के जमाने के तारों के भरोसे बिजली आपूर्ति, हर घंटे फॉल्ट से ग्रामीण परेशान,,

बाबा आदम के जमाने के तारों के भरोसे बिजली आपूर्ति, हर घंटे फॉल्ट से ग्रामीण परेशान

कुशीनगर। जिले में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। कसया से हेतिमपुर के आसपास दर्जनों गांवों में पुराने और जर्जर विद्युत तारों के भरोसे बिजली आपूर्ति की जा रही है। हालात यह हैं कि बिजली एक दिन भी सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। लगातार तार टूटने और फॉल्ट होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर घंटे हेतिमपुर फीडर में फॉल्ट की समस्या सामने आ जाती है। बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक दिघवा खुर्द, मगुरही, परासखाड़ और पीपरी सहित आसपास के गांवों के लोगों ने कई बार स्थानीय बिजली विभाग को शिकायती पत्र देकर जर्जर तारों को बदलने तथा विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत लेकर बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचने पर समस्या सुनने के बजाय कई बार उन्हें खरी-खोटी तक सुननी पड़ती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ग्रामीण अपनी समस्या लेकर जाएं तो जाएं कहां?

विकास की नगरी में बिजली व्यवस्था बदहाल

ग्रामीणों ने कहा कि कुशीनगर को विकास की नगरी कहा जाता है, लेकिन गांवों में बिजली आपूर्ति की स्थिति देखकर ऐसा लगता ही नहीं कि यहां बुनियादी विद्युत व्यवस्था भी ठीक है। लगातार फॉल्ट और जर्जर तारों के कारण ग्रामीण आंदोलन की राह पर जाने को मजबूर हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचने वाले जनप्रतिनिधि चुनाव के बाद ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर संवाद करते नजर नहीं आते। ग्रामीणों ने विधायक पीएन पाठक से मामले को गंभीरता से लेते हुए हेतिमपुर फीडर की विद्युत व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुराने तारों को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

इस संबंध में इन्द्रजीत सिंह, प्रमोद यादव, रमाशंकर, अमरजीत, विवेक कुमार, सत्येन्द्र, प्रदीप कुमार सिंह, विनोद पाण्डेय और अनिरुद्ध पटेल सहित ग्रामीणों ने हेतिमपुर फीडर को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।

सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment