सेवानिवृत्त सीओ उमेश चंद्र भट्ट को पुलिस विभाग ने दी भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना,,
कुशीनगर। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) उमेश चंद्र भट्ट को शनिवार को पुलिस कार्यालय में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि सीओ उमेश चंद्र भट्ट ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अनुभव, कार्यशैली एवं व्यवहार से पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सदैव प्रेरणा लेते रहेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने भी उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि विभाग में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का एक स्वाभाविक पड़ाव है, लेकिन व्यक्ति के अच्छे कार्य और व्यवहार हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री भट्ट को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की। भावुक माहौल में सभी ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके योगदान को याद किया।
सच्ची रिपोर्ट