एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार ने अधिवक्ताओं के साथ की शिष्टाचार मुलाकात, न्यायिक कार्यों में सहयोग का किया आह्वान,,

सच्ची रिपोर्ट | कसया, कुशीनगर
के.एन. साहनी / तेजप्रताप सिंह,,
तहसील कसया सभागार में उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा, तहसीलदार धर्मवीर सिंह एवं नायब तहसीलदार संदीप यादव की उपस्थिति में अधिवक्ताओं के साथ शिष्टाचार मुलाकात एवं आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायिक कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने तथा न्यायालय और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ता अपने मुवक्किलों की आंख और आवाज होते हैं। न्याय की अपेक्षा लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पक्ष अधिवक्ता न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हैं। इसलिए न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वादों की सुनवाई जितनी शीघ्र होगी, उतनी ही जल्दी निर्णय आएगा और लंबित मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण संभव होगा। न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के लिए सभी पक्षों का सहयोग आवश्यक है।
एसडीएम ने कहा कि कभी-कभी अनावश्यक रूप से कार्य बहिष्कार या हड़ताल के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित होता है, जिससे केवल मुवक्किलों को ही नहीं बल्कि न्यायालय की कार्यप्रणाली पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्यों में सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आपसी सामंजस्य और संवाद से हर कार्य सरलता एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सकता है।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने एक स्वर में तहसील परिसर की नियमित साफ-सफाई, न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार तथा अधिवक्ताओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इस पर तहसीलदार धर्मवीर सिंह एवं नायब तहसीलदार संदीप यादव ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता विनय शंकर मिश्रा, राजकुमार तिवारी, ओमप्रकाश चौबे, ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव, राजेंद्र तिवारी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, संजय कुमार, संजय वर्मा, सुरेश सिंह, काशीनाथ जायसवाल, विनय मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।