CHC नाथनगर में 108 एम्बुलेंस चालकों को यातायात नियमों एवं राहवीर योजना का दिया गया प्रशिक्षण
संतकबीरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नाथनगर में बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज एवं संतकबीरनगर जनपदों के 108 एम्बुलेंस चालकों के लिए आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए यातायात प्रभारी परमहंस जी ने चालकों से कहा कि एम्बुलेंस चालक सड़क पर अनुशासन, धैर्य एवं सतर्कता का परिचय दें। उन्होंने सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों का पालन, आपातकालीन परिस्थितियों में जिम्मेदारीपूर्ण ड्राइविंग तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दौरान राहवीर योजना की भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाता है। इसका उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक लोगों का जीवन बचाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी एम्बुलेंस चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
— सच्ची रिपोर्ट टीम, संतकबीरनगर (उत्तर प्रदेश)

