शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026: डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026: डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
कुशीनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज तथा किसान इंटरमीडिएट कॉलेज, साखोपार पहुंचकर परीक्षा केंद्र प्रभारियों, सुरक्षा प्रभारियों एवं कॉलेज प्रशासन के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, मेटल डिटेक्टर, फ्रिस्किंग प्वाइंट तथा वाहन चेकिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र एवं अशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड तथा पीएसी की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखी जाए।
रिपोर्ट: सच्ची रिपोर्ट न्यूज़

Related Post

Leave a Comment