पुरानी जर्जर दीवार गिरने से दो मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर, पीजीआई लखनऊ रेफर

पुरानी जर्जर दीवार गिरने से दो मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर, पीजीआई लखनऊ रेफर

मकान तोड़ते समय हुआ हादसा

कुशीनगर। थाना रविंद्र नगर धूस क्षेत्र के ग्राम चौपरिया में बुधवार को एक जर्जर मकान को ध्वस्त करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चौपरिया निवासी गैरूल अंसारी के पुराने व जर्जर मकान को गिराने के लिए बुधवार को मजदूरों को पडरौना से बुलाया गया था। मजदूरों में सुभाष (44 वर्ष), निवासी कटनवार, जंगल बनवीरपुर, कोतवाली पडरौना तथा भीम (32 वर्ष) शामिल थे। दोनों मजदूर पहले भी गांव के दो अन्य लोगों के यहां कार्य कर चुके थे।
बताया जाता है कि दोनों मजदूर मकान की ईंटें हटाने के बाद कुछ देर आराम करने के लिए जर्जर दीवार के पास बैठ गए। तभी अचानक लगभग चार इंच मोटी दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया। वहां भी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई, लखनऊ भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक उसका इलाज जारी था और हालत चिंताजनक बनी हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सावधानियों के साथ कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस का पक्ष (वर्जन)
थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि “इस घटना की हमारे थाने को कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि तहरीर या सूचना मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

Related Post

Leave a Comment