कोतवाली पुलिस व एसओजी की बड़ी सफलता, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस व एसओजी की बड़ी सफलता, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
देवरिया। थाना कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की कई घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर मालगोदाम के पास से संदीप गुप्ता उर्फ बुलबुल गुप्ता (20 वर्ष), अंकित गुप्ता (18 वर्ष) तथा पूनम गुप्ता (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 10 कंगन, 3 हार, 5 झुमके, 2 माथ टीका, 1 नथुनी, 3 अंगूठियां, 1 चेन, 1 ओम लॉकेट सहित बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण तथा करधनी, पाजेब, पायल, बिछिया समेत चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा 740 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने भुजौली कॉलोनी, बरारी उर्फ मछरीगांव तथा सोंदा गांव में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च करते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मदनपुर, भलुअनी और महुआडीह थाना क्षेत्रों में भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बरामद सामान के आधार पर कोतवाली और रामपुर कारखाना थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों का सफल अनावरण किया गया है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी संदीप गुप्ता और अंकित गुप्ता के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और चोरी की घटनाओं की जांच में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर कोतवाली पुलिस एवं एसओजी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : सच्ची रिपोर्ट न्यूज, देवरिया :::

Related Post

Leave a Comment