









सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में गिनाई गईं उपलब्धियां, पौधरोपण और स्वच्छता अभियान बना आकर्षण
कसया, कुशीनगर। तहसील कसया परिसर में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता की व्यापक भागीदारी रही। कार्यक्रम में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं का लाभ और जागरूकता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कुशीनगर की अध्यक्ष किरण जायसवाल, नगर पंचायत फाजिलनगर की अध्यक्ष सुनीता शाही, विधायक कुशीनगर के प्रतिनिधि रूद्र प्रकाश तथा विधायक फाजिलनगर के प्रतिनिधि महेंद्र उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को विस्तार से बताया।
उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, वरासत, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, दैवीय आपदा सहायता सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
विभागीय स्टॉलों पर दी गई योजनाओं की जानकारी
राजस्व विभाग के स्टॉल पर फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, वरासत, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र संबंधी कार्यों का निस्तारण किया गया। पंचायती राज विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों के उपयोग तथा रखरखाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के महत्व की भी जानकारी दी गई।
कृषि विभाग ने किसानों को उन्नत बीज, कीटनाशकों एवं कृषि उपकरणों के सुरक्षित और वैज्ञानिक उपयोग के बारे में बताया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए देसी उत्पादों जैसे पर्स, सरसों का तेल, मक्का एवं मोटे अनाज के आटे आदि का प्रदर्शन किया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की और अच्छी खरीदारी भी हुई। नगर पालिका अध्यक्ष किरण जायसवाल ने भी स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खरीदकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम आयोजित
बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष किरण जायसवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता शाही ने लाभार्थी महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तहसील परिसर में उत्सव की तरह पौधरोपण किया। कुल 25 पौधे ट्री गार्ड के साथ लगाए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
सुबह चला विशेष स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम से पूर्व सुबह 7 बजे कसया क्षेत्र के सपहा ग्राम पंचायत के बेनुआपुर टोला मुसहर बस्ती में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष किरण जायसवाल, उप जिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल, विधायक प्रतिनिधि रूद्र प्रकाश, अधिशासी अधिकारी अंकित शुक्ला, नायब तहसीलदार संदीप कुमार यादव एवं राहुल खरवार, सभासद सुरेंद्रनाथ यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डीसी मनरेगा राकेश कुमार, नगर पालिका कुशीनगर के अधिशासी अधिकारी अंकित शुक्ला, नगर पंचायत फाजिलनगर के अधिशासी अधिकारी अमित सिंह, आपूर्ति निरीक्षक विजय बहादुर, एडीओ पंचायत कसया नीरज शुक्ला, एडीओ पंचायत फाजिलनगर अनिरुद्ध सिंह, सीडीपीओ राकेश कुमार, नायब तहसीलदार संदीप कुमार यादव, नायब तहसीलदार राहुल खरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: के. एन. साहनी, कुशीनगर