अत्यंत गंभीर मौसम चेतावनी जारी, लोगों से सतर्क रहने की अपील,,
कुशीनगर। मौसम विभाग द्वारा पूर्वांचल के कई जिलों के लिए “अत्यंत गंभीर मौसम चेतावनी (Extremely Severe Alert)” जारी की गई है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के भीतर गोरखपुर मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों में भीषण आंधी-तूफान, तेज बारिश, आकाशीय बिजली तथा ओलावृष्टि की संभावना है।
जारी अलर्ट के मुताबिक हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि तेज झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक पहुंच सकती है। बस्ती, गोरखपुर, महाराजगंज, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर सहित आसपास के जनपदों में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। कुशीनगर जनपद में भी मौसम के अचानक बिगड़ने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। किसानों से खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है।
सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव
आंधी और बारिश के दौरान घरों में ही रहें।
बिजली कड़कने पर खुले मैदान में न जाएं।
पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
मोबाइल एवं अन्य आवश्यक साधनों को चार्ज रखें।
ओम पत्रिका न्यूज़ आमजन से अपील करता है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन की सहायता लें।
– ओम पत्रिका न्यूज़, कुशीनगर

