आज पूर्वांचल गांधी करेंगे सत्याग्रह, कुलपति के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
गोरखपुर। सामाजिक चिंतक एवं “पूर्वांचल गांधी” के नाम से चर्चित डॉ. संपूर्णानंद मल्ल आज सुबह 11 बजे से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में सांकेतिक सत्याग्रह करेंगे। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन के विरुद्ध विभिन्न गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद उच्च न्यायालय सहित शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन भेजा है।
डॉ. मल्ल ने कुलपति पर विश्वविद्यालय परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्ष कटान, बीटेक छात्र घनेंद्र चौधरी प्रकरण तथा पीएचडी शोधार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने जैसे आरोप लगाए हैं। उन्होंने इन सभी आरोपों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
सत्याग्रही डॉ. मल्ल का कहना है कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो कुलपति के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, उन्हें पद से बर्खास्त किया जाए तथा आवश्यक होने पर आपराधिक अभियोग भी पंजीकृत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि वह हाथ में तिरंगा लेकर गांधीवादी तरीके से सत्याग्रह करेंगे और शासन-प्रशासन का ध्यान विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित करेंगे। उनका दावा है कि यह आंदोलन छात्र हित, शोधार्थियों की समस्याओं तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर किया जा रहा है।
आज सुबह 11 बजे प्रस्तावित इस सत्याग्रह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर और सामाजिक क्षेत्रों में चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन इन आरोपों तथा जांच की मांग पर क्या कदम उठाते हैं।
उल्लेखनीय है कि समाचार में वर्णित सभी आरोप सत्याग्रही डॉ. संपूर्णानंद मल्ल द्वारा लगाए गए हैं। सत्याग्रही ने इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।