भाजपा मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप ने मुख्यमंत्री को सौंपा पत्रक, पीएचसी के उच्चीकरण की उठाई मांग

सुकरौली में ट्रॉमा सेंटर और नगरीय चिकित्सालय की मांग तेज

भाजपा मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप ने मुख्यमंत्री को सौंपा पत्रक, पीएचसी के उच्चीकरण की उठाई मांग

कुशीनगर। हाटा तहसील अंतर्गत नगर पंचायत सुकरौली में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर ट्रॉमा सेंटर और नगरीय चिकित्सालय की मांग जोर पकड़ने लगी है। भाजपा मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप ने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath को संबोधित एक पत्रक सौंपकर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को प्रमुखता से उठाया है।

सौंपे गए पत्रक में कहा गया है कि विकासखंड परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर नगर पंचायत सुकरौली सहित आसपास के दर्जनों गांवों की बड़ी आबादी निर्भर है। लेकिन सीमित संसाधनों, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल या गोरखपुर रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय, धन और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है।

रामप्रवेश कश्यप ने बताया कि सुकरौली क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर की स्थापना से दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार मिलेगा और गंभीर मामलों में जान बचाने की संभावना बढ़ेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगरीय चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना कराई जाए। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस मांग को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है। उनका कहना है कि वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाएं क्षेत्र की आबादी के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं। यदि पीएचसी का उच्चीकरण किया जाता है तो हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Related Post

Leave a Comment