जिलाधिकारी के निर्देश पर 530 वर्ग मीटर चकमार्ग भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

जिलाधिकारी के निर्देश पर 530 वर्ग मीटर चकमार्ग भूमि से हटाया गया अतिक्रमण


कसया, कुशीनगर। जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर पालिका कुशीनगर के वार्ड संख्या-21 बुद्ध नगरी स्थित राजस्व ग्राम बिशनपुर बिंदोलिया में राजस्व एवं पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 530 वर्ग मीटर बहुमूल्य सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिशनपुर बिंदोलिया में स्थित चकमार्ग के गाटा संख्या-225, रकबा 530 वर्ग मीटर पर ममता, जयप्रकाश, कामोद, प्रमोद, श्याम, कृष्ण, हरिलाल सहित अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। प्रशासन द्वारा पैमाइश के उपरांत मंगलवार को मौके पर पहुंची राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, जिससे मौके पर हल्की नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन प्रशासन ने शांतिपूर्वक अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, नगर पालिका कुशीनगर के अधिशासी अधिकारी अंकित शुक्ला, राजस्व निरीक्षक ब्रजेश मणि, लेखपाल आलोक श्रीवास्तव, अजय कुमार दुबे, निलेश राव तथा सभासद केशव सहित नगरवासी उपस्थित रहे।
उप जिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि जनपद में चकमार्गों की पैमाइश एवं अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी प्रतिदिन जिलाधिकारी द्वारा समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर प्रभावशाली लोगों द्वारा चकमार्गों एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिसे चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि चकमार्गों की पैमाइश कर उनकी सूची नगर पालिकाओं एवं विकास खंडों को भेजी जा चुकी है, ताकि बरसात शुरू होने से पहले उन मार्गों पर मिट्टी भराई एवं मरम्मत कार्य कराया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाना तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।

Related Post

Leave a Comment