घर में बम पटाखे बनाने का विरोध करना पड़ गया महंगा तीन  घायल

मामला थाना कसया क्षेत्र के अहिरौली बाजार का बताया गया,

अहिरौली बाजार में बकरीद के दिन खूनी संघर्ष, पुरानी रंजिश में जमकर चली लाठी-डंडे, तीन लोग गंभीर रूप से घायल


रिपोर्ट: तेजप्रताप सिंह / जगदीश सिंह
अहिरौली बाजार क्षेत्र में बकरीद के दिन पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दिनदहाड़े हुई इस हिंसक मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया से मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना दिन के करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब इलाके में कुर्बानी का दौर चल रहा था। पीड़ित पक्ष के अनुसार सुहैल पुत्र असगर अपने पुराने मकान पर अकेला मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दर्जनों की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और उनके हाथों में लाठी, डंडे समेत अन्य प्राणघातक हथियार थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सुहैल को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। मारपीट इतनी भयावह थी कि सुहैल जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर व कनपटी पर लगातार वार किए गए। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया तथा उसके कान से खून बहने लगा।
शोर-शराबा सुनकर नए मकान पर मौजूद परिजन मौके की ओर दौड़े। भाई को बचाने पहुंची बहन नाजमा भी हमलावरों के निशाने पर आ गई। नाजमा को सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों का कहना है कि उसकी हड्डी टूटने जैसी स्थिति बनी हुई है। बीच-बचाव करने पहुंचे सलमान को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। वहीं बुजुर्ग मां खातून नेशा पत्नी असगर को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने हालात का जायजा लिया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और मेडिको-लीगल प्रक्रिया पूरी करने के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में घायलों का एक्स-रे, सीटी स्कैन समेत विभिन्न जांच कराई गई हैं। समाचार लिखे जाने तक सभी घायल भर्ती थे और उनका उपचार जारी था।
पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मारपीट के मामले में साजिद अली पुत्र अनवर, रेहान पुत्र मुन्ना, शहजादे पुत्र वाजिद अली, मासूम पुत्र वाजिद, रुखसाना पुत्री वाजिद अली, मुन्नी पुत्री अनवर, सबा खातून पत्नी अनवर तथा नेहा पुत्री वाहिद को नामजद किया गया है।
पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आरोपियों के घर में बड़े स्तर पर पटाखा और बारूद बनाने का काम होता है, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इसको लेकर विवाद और कहासुनी हो चुकी है। लोगों का डर है कि यदि किसी दिन बारूद में विस्फोट हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Related Post

Leave a Comment