कुशीनगर में आगामी त्योहार को लेकर कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई पीस कमेटी की बैठक

अमन और भाईचारे के साथ मनेगी बकरीद, नई परंपरा की नहीं होगी अनुमति: DM-SP

  • कुशीनगर में आगामी त्योहार को लेकर कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई पीस कमेटी की बैठक
  • सोशल मीडिया की अफवाहों पर पुलिस की पैनी नजर, भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
  • संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी सुरक्षा, सीसीटीवी और फ्लैग मार्च से रखी जाएगी नजर

  • कुशीनगर।
    आगामी त्योहार ईदुज्जुहा (बकरीद) को जनपद में शांति, सौहार्द और पारंपरिक तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहार की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

परंपरा से हटकर कोई कार्य बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट किया कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार पूरी तरह पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं की बलि किसी भी स्थिति में न दी जाए और कुर्बानी के बाद वेस्ट डिस्पोजल (कचरा निपटान) केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही हो। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ-साथ डीपीआरओ को साफ-सफाई और विद्युत विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुराने आपसी विवादों को लेकर उन्होंने कहा कि अधिकारी समय रहते सुलह-समझौता करा लें ताकि त्योहार में कोई खलल न पड़े।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी जेल की कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर बिना सत्यता जांचे प्रतिक्रिया न दें और न ही इसे फॉरवर्ड करें। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी की जाए और पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त व फ्लैग मार्च बढ़ाया जाए। सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में विवाद पंजिका की जांच कर संभावित विवादों का समय रहते निस्तारण करने को कहा गया है।

धर्मगुरुओं ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

बैठक में उपस्थित अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, एडीएम न्यायिक और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की। इस मौके पर जनपद के विभिन्न हिस्सों से आए धर्मगुरुओं ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि त्योहार को पूरी तरह आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा और प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर समस्त उप जिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी (CO), थाना प्रभारी और भारी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Comment