दरोगा की बिटिया बनी PCS, खुशी का जश्न
ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: तेजप्रताप सिंह / संजीव कुमार तिवारी,
कुशीनगर
कुशीनगर। जनपद के लिए गर्व का क्षण तब आया जब एक दरोगा की बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से PCS परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
सत्यप्रकाश तिवारी की पुत्री पूजा तिवारी ने प्रदेश स्तरीय PCS परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए सातवां स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पूजा तिवारी मूल रूप से गाँव अराजी तेंदुआ, थाना कोतवाली टांडा, जनपद अम्बेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) की निवासी हैं।
पूजा तिवारी के पिता सत्यप्रकाश तिवारी, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्ष 1989 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं, वर्तमान में थाना रबिंद्र नगर धूस में तैनात हैं। इससे पहले वे कसया क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जैसे ही उन्हें दूरभाष के माध्यम से बेटी की सफलता की सूचना मिली, उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
पूजा की माता श्रीमती कनकलता तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उसकी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ से हुई, जहां उसने कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी।
बेटी की इस सफलता पर थाना रबिंद्र नगर की पुलिस टीम ने सत्यप्रकाश तिवारी का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया। क्षेत्र के लोगों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि पूजा तिवारी ने अपने माता-पिता और पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
इस अवसर पर पूजा तिवारी ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता का आशीर्वाद और सहयोग सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने प्रदेश के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को शिक्षित करें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें।
पूजा तिवारी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

