फरियादियों की सुनवाई प्राथमिकता, अपराध नियंत्रण पर रहेगा विशेष जोर

Spread the love

फरियादियों की सुनवाई प्राथमिकता, अपराध नियंत्रण पर रहेगा विशेष जोर

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा—थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह

कुशीनगर। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने को अपनी प्राथमिकता बताते हुए नवागत थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का अनुपालन कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गाजीपुर जनपद के निवासी अमित कुमार सिंह वर्ष 2015 बैच के उपनिरीक्षक (एसआई) हैं। जनवरी 2022 से उन्होंने कुशीनगर जनपद में विभिन्न स्थानों पर पुलिस सेवा के दौरान जनता से सीधे जुड़कर कार्य किया। इस दौरान उन्होंने सिधुआ बाजार चौकी, तीनफेड़िया तथा कसया हाईवे क्षेत्र में पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद पडरौना के सुभाष चौक क्षेत्र में भी पुलिस सेवा के दौरान जनता की समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में कार्य किया।

पुलिस कप्तान केशव कुमार के नेतृत्व में जनपद में हुए स्थानांतरण क्रम के तहत अमित कुमार सिंह को अब थाना रविंद्रनगर धूस का थानाध्यक्ष बनाया गया है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया है।

प्राथमिकताओं के संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने कहा कि कानून का अनुपालन कराना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। थाना आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। विशेष रूप से महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर उनका जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून के दायरे में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

थानाध्यक्ष ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *