18 साल की उम्र हुई, अब वोटर बनने की बारी

Spread the love

18 साल की उम्र हुई, अब वोटर बनने की बारी

मतदाता सूची से बाहर हैं तो भरें फॉर्म-6, युवाओं समेत छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने को विशेष अभियान

सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर

कुशीनगर। लोकतंत्र में मतदान की ताकत तभी सार्थक है, जब पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद कुशीनगर में निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का स्पष्ट उद्देश्य है—“कोई मतदाता छूटे नहीं।”

जिला निर्वाचन कार्यालय, कुशीनगर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों, छूटे हुए मतदाताओं, बेघर मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं तथा महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

नाम नहीं है तो आज ही करें आवेदन

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर अपने बूथ के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अथवा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकता है।

इसके अलावा घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के voters.eci.gov.in पोर्टल अथवा ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं।

विभागों को भी अभियान में लगाया गया

मतदाता सूची को अधिक से अधिक समावेशी बनाने के लिए महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण सहित संबंधित विभागों को भी अभियान में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचन कार्यालय का प्रयास है कि जानकारी के अभाव, लापरवाही या किसी अन्य कारण से कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।

युवाओं के लिए खास मौका

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के लिए यह अभियान विशेष महत्व रखता है। पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को चाहिए कि वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

— सच्ची रिपोर्ट, कुशीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *