कसया में चोरों का आतंक, मेन गेट का ताला तोड़कर नकदी-जेवरात चोरी

ननद के घर गई महिला के नए मकान को चोरों ने बनाया निशाना, बॉक्स तोड़कर 20 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण ले गए
कसया, कुशीनगर। थाना कसया क्षेत्र के भलुही मदारी पट्टी एयरपोर्ट बैरिया रोड स्थित एक नए मकान में अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर में रखा बड़ा बॉक्स तोड़कर चोर करीब 20 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह घर पहुंची महिला ने टूटा ताला और बिखरा सामान देखा तो उसके होश उड़ गए। घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।
शाम को घर बंद कर गई थी ननद के घर
जानकारी के अनुसार असरफ खातून पत्नी नासिर अपने सास-ससुर एवं बच्चों के साथ नए मकान में रहती हैं। बताया गया कि 17 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह घर के सभी दरवाजे बंद कर मेन गेट पर ताला लगाकर अपनी ननद जैतून निशा के घर चली गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बना लिया।
सुबह टूटा मिला ताला, बिखरा पड़ा था सामान
शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे असरफ खातून घर पहुंचीं तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और गेट खुला पड़ा था। अंदर जाने पर कमरे में कपड़े और सामान बिखरे मिले। बड़े बॉक्स का ताला भी टूटा था। पीड़िता के अनुसार बॉक्स में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
डायल 112 पर संपर्क का प्रयास, थाने में दी तहरीर
पीड़िता असरफ खातून ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। घटना से वह डरी हुई हैं और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
पीड़िता ने थाना कसया में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई तथा चोरी की घटना का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। उन्होंने चोरी गए नकदी और जेवरात बरामद कराने की भी गुहार लगाई है।
चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
एयरपोर्ट बैरिया रोड स्थित मकान में मेन गेट का ताला तोड़कर हुई चोरी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर अज्ञात चोरों का सुराग लगाने और जल्द खुलासा करने की मांग की है। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर लोगों की नजर है।
मौके पर पंहुचे जांच अधिकारी एस आई भारत विशाल पीड़ित को दिलाया कार्यवाही का आश्वासन चोरी प्रकरण में अगर सीसी टीवी कैमरा की होगी निगरानी ।
रिपोर्ट: के एन साहनी
सच्ची रिपोर्ट — ना पक्ष! ना विपक्ष! सिर्फ निष्पक्ष

