गोधन कुटाई की अनोखी परंपरा: आखिर क्यों बहनें कूटती हैं गोबर से बनी आकृति, क्या हैं गोधन बाबा और लगन देवता की मान्यताएं?

Spread the love

कुशीनगर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, महिलाओं ने परंपरागत तरीके से कुटे  गए गोवर्धन महाराज

केoएनoसाहनी/जगदीश सिंह

गांव-गांव में दिखी आस्था और उत्साह की झलक, परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए महिलाओं ने की पूजा-अर्चना

कुशीनगर (सच्ची रिपोर्ट)। दीपावली पर्व के तीसरे दिन बुधवार को जनपद कुशीनगर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा और भैयादूज का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय रवींद्रनगर धूस से लेकर पडरौना, हाटा, खड्डा, रामकोला, कप्तानगंज, बोदरवार, तमकुहीराज और सेवरही सहित जनपद के विभिन्न कस्बों एवं गांवों में सुबह से ही पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने घरों के आंगन तथा निर्धारित पूजा स्थलों पर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकर्षक आकृतियां बनाईं। इसके बाद पारंपरिक विधि-विधान से गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

जनपद के नगरपालिका हाटा सहित मुहमदा, जमीन सिकटिया, दुबौली, अथरहा, लंगड़ी, सिकटिया, मुड़िला हरपुर, झांगा बाजार, परसौनी, सकरौली, देवराड़ पिपरा, खोट्ठा, अहिरौली बाजार, सतभरिया, अजीजनगर, मथौली बाजार, पगरा, रामपुर बुजुर्ग, मुंडेरा उपाध्याय, सुकरौली बाजार, बाघनाथ, पटनी, करमहा और महुई सहित दर्जनों गांवों में पर्व की रौनक देखते ही बनी।

जिला मुख्यालय रवींद्रनगर धूस, पडरौना, खड्डा, रामकोला, कप्तानगंज, बोदरवार, तमकुहीराज और सेवरही क्षेत्र में भी महिलाओं ने अपनी पारिवारिक परंपराओं के अनुसार गोवर्धन महाराज की पूजा की। कई स्थानों पर बच्चियों एवं युवतियों ने समूह बनाकर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति तैयार की। घरों में पूजा की तैयारियों के साथ पारंपरिक गीतों और धार्मिक मान्यताओं के बीच उत्सव का माहौल बना रहा।

परंपरा के अनुसार महिलाओं ने की गोवर्धन की कुटाई

गोवर्धन पूजा के अवसर पर दोपहर करीब दो बजे महिलाओं ने प्राचीन परंपरा के अनुसार गोवर्धन महाराज की कुटाई की। इस धार्मिक परंपरा को महिलाओं ने पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ निभाया। इसके बाद कुंवारी कन्याओं एवं विवाहित महिलाओं ने शाम के समय गोबर से पीड़िया लगाई। विवाहित महिलाओं ने अपने सुहाग की रक्षा, परिवार की उन्नति और घर-परिवार में सुख-शांति बनाए रखने की कामना की।

धार्मिक आस्था और लोक परंपरा का प्रतीक है गोवर्धन पूजा

गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा करने की पौराणिक मान्यता से जुड़ा है। यह पर्व प्रकृति, गौवंश और कृषि संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश भी देता है। ग्रामीण अंचलों में आज भी इस पर्व को पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं के अनुसार मनाया जाता है।

कुल मिलाकर जनपद कुशीनगर में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और पारिवारिक एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। शहरी क्षेत्रों से लेकर गांवों तक महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सहभागिता ने पर्व की रौनक बढ़ाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *