कसया थाना क्षेत्र में कुल 268 लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना की गई।
एक प्लाटून पीएसी की लगाई गई कस्बे में ड्यूटी।

कसया थाने पर शांति कमेटी की बैठक, लक्ष्मी प्रतिमा आयोजकों और पटाखा विक्रेताओं को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

कुशीनगर (सच्ची रिपोर्ट)। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार, 5 नवंबर 2026 को कसया थाने पर शांति कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह ने मां लक्ष्मी प्रतिमा आयोजकों एवं पटाखा विक्रेताओं के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने प्रशासन द्वारा जारी आदेशों एवं निर्देशों से सभी आयोजकों और व्यापारियों को अवगत कराते हुए उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी। पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित मानकों, सुरक्षा नियमों एवं कानूनी प्रावधानों के अनुरूप ही पटाखों की बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने दीपावली पर विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को पटाखों से दूर रखें। फुलझड़ी, लाइट एवं अन्य सुरक्षित आतिशबाजी वाले उत्पाद भी बच्चों को अपनी निगरानी और मौजूदगी में ही जलवाएं। थोड़ी सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है।
बैठक में मां लक्ष्मी प्रतिमा आयोजकों को भी पर्व के दौरान शांति, कानून व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इसे सावधानी, जिम्मेदारी और भाईचारे के साथ मनाएं तथा सुरक्षित दीपावली के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर ना पक्ष, ना विपक्ष, सिर्फ निष्पक्ष।
