
रिश्तेदारी में कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष, घायल युवक की मौत
मारपीट में लहूलुहान होकर गिरा युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; तीन नामजद हिरासत में, पूछताछ जारी
पटहेरवा, कुशीनगर। रिश्तेदारी में आए युवक की अपने ही रिश्तेदारों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कथित मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पडरौना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इब्राहिम मंसूरी (28 वर्ष), पुत्र जाकिर मंसूरी, निवासी कस्तूरबा, थाना चौराखास के रूप में हुई है। वह थाना पटहेरवा क्षेत्र के रोइनवा टोला स्थित अपनी रिश्तेदारी में आए हुए थे। पुलिस के अनुसार, 25/26 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना प्राप्त हुई थी।
मामले में थाना पटहेरवा पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। तीनों से पूछताछ जारी है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव ने बताया कि घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर
