एसपी केशव कुमार की पहल: एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं आराध्या सिंह भदौरिया, सुनीं फरियादियों की समस्याएं

Spread the love

किया थाने का निरीक्षण

थाना कसया का मामला

सच्ची रिपोर्ट | कसया/कुशीनगर।

कुर्सी थानाध्यक्ष की, जिम्मेदारी जनता की समस्याएं सुनने की! पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देश पर कसया के सपहा रोड स्थित हेरिटेज विद्यालय की छात्रा कुमारी आराध्या सिंह भदौरिया को एक दिन के लिए कसया थाने का थानाध्यक्ष बनने का अवसर मिला। थाने की जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने जनसुनवाई कक्ष में बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्रों पर संबंधित क्षेत्र के विवेचकों एवं उपनिरीक्षकों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

थानेदार की कुर्सी पर बैठकर जाना पुलिसिंग का महत्व

एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं आराध्या सिंह भदौरिया ने जनसुनवाई के दौरान पीड़ितों की समस्याओं को सुना। इस पहल से उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था और आमजन की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला। यह पहल छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम है।

पुलिसकर्मियों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

कुमारी आराध्या सिंह भदौरिया कसया के सपहा रोड स्थित हेरिटेज विद्यालय की छात्रा हैं। उनके पिता सुधीर सिंह, कसया की चित्र तुली गली स्थित गायत्री सदन के निवासी हैं। थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक रुद्रप्रताप सिंह, संजय सिंह, उज्ज्वल गोंड, अभिषेक यादव और महिला उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

सच्ची रिपोर्ट — ना पक्ष, ना विपक्ष, सिर्फ निष्पक्ष।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *