मोबाइल चोरी कर यूपीआई पिन रिसेट, ऑनलाइन खरीदारी से 8.70 लाख की साइबर ठगी
साइबर क्राइम थाना व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गैंग का किया खुलासा, दो शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार
कुशीनगर। मोबाइल चोरी कर यूपीआई पिन रिसेट करने और फ्लिपकार्ट समेत अन्य वेबसाइटों के माध्यम से लाखों रुपये की ऑनलाइन खरीदारी करने वाले साइबर ठगी गैंग का कुशीनगर पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर क्राइम थाना व साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.50 लाख रुपये कीमत का ऑनलाइन खरीदा गया सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 8 लाख 70 हजार रुपये की खरीदारी की थी।
चोरी के मोबाइल से बैंक खाते तक पहुंचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल का लॉक तोड़कर उसे रीसेट व फॉर्मेट करते थे। इसके बाद सिम कार्ड नंबर के जरिए जीमेल आईडी और आवश्यक डेटा प्राप्त कर यूपीआई पिन रिसेट करते थे। बैंक बैलेंस चेक करने के बाद फ्लिपकार्ट और अन्य वेबसाइटों से ऑनलाइन खरीदारी करते थे।
आरोप है कि खरीदा गया सामान फर्जी पते पर मंगवाकर डिलीवरी प्राप्त करते थे। इसके बाद सामान को उचित दाम पर बेच देते थे अथवा स्वयं इस्तेमाल करते थे।
आईफोन से लेकर सैमसंग एस-26 अल्ट्रा तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें तीन आईफोन, दो सैमसंग गैलेक्सी एस-26 अल्ट्रा, एक नथिंग और एक मोटोरोला मोबाइल शामिल हैं।
इसके अलावा तीन पावर बैंक, एक ईयरबड्स, तीन आयरन प्रेस, दो इंडक्शन, एक सैंडविच मेकर, एक सीलिंग फैन, एक मिक्सर ग्राइंडर, दो रेडबुल एनर्जी ड्रिंक और पांच कैडबरी सेलिब्रेशन चॉकलेट बरामद हुई हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। जामा तलाशी में 800 रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल भी मिले हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार
- इरशाद अंसारी पुत्र सिकन्दर अंसारी, निवासी जंगल लाला छपरा सोहनपुर, थाना विशुनपुरा, कुशीनगर।
- अर्जुन कुमार रजक पुत्र दिलीप कुमार रजक, निवासी जंगल लाला छपरा दुबौली बाजार, थाना विशुनपुरा, कुशीनगर।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
थाना साइबर क्राइम, कुशीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 14/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस व 66सी आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार इसमें धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में CY-VAJRA-02 अभियान के तहत 15 सितंबर 2026 को कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक मनमोहन मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार चौधरी, कांस्टेबल अखिलेश कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, प्रशान्त कुमार मिश्रा और प्रदीप कुमार यादव शामिल रहे।
मोबाइल चोरी होते ही बरतें सावधानी

कुशीनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तत्काल:
- मोबाइल नंबर से जुड़े बैंक, यूपीआई, ई-मेल और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा करें।
- CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी थाने में सूचना दें।
- चोरी हुए मोबाइल नंबर को ब्लॉक कराकर नया सिम प्राप्त करें।
सच्ची रिपोर्ट कुशीनगर

