




पीएलवी बसंत लाल यादव ने छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक
मल्लूडीह, कुशीनगर। भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नई पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से सिद्धार्थ पब्लिक एकेडमी, मल्लूडीह में छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का पाठ कराया गया। इस अवसर पर पीएलवी (पैरा लीगल वालंटियर) बसंत लाल यादव ने विद्यालय के विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता बताते हुए उन्हें जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे महत्वपूर्ण आदर्शों से परिचित कराया गया। उन्हें बताया गया कि भारतीय संविधान केवल देश के शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और समानता की रक्षा करने वाला आधारभूत मार्गदर्शक है।
पीएलवी बसंत लाल यादव ने छात्र-छात्राओं को बताया कि देश का प्रत्येक नागरिक संविधान से मिले अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जिम्मेदार है। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति सम्मान रखने, दूसरों के अधिकारों का आदर करने तथा समाज में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही संवैधानिक चेतना विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करना रहा।
संदेश स्पष्ट है कि संविधान की जानकारी केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना चाहिए।
