ग्रामीण अंचल का यह गाँव शहरों से दूर पर सुबिधा शहरों जैसा
14 टोलों की जनता के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस, सरकारी स्कूल बना गार्डेन, आंतरिक्ष विज्ञान कक्ष, आरओ प्लांट और आधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय; गांव के विद्यालय में दिख रहा शहर जैसा माहौल
कसया/कुशीनगर। (ओके भारत गंगा न्यूज)
ग्राम विकास का वास्तविक स्वरूप देखना है तो विकास खंड मोतीचक की ग्राम सभा पुरैनी आइए। यहां गांव के विकास को केवल सड़क और नाली तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, खेलकूद और आधुनिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया है। तहसील कसया एवं विधानसभा कुशीनगर क्षेत्र की 14 छोटे-छोटे टोलों में बसी इस ग्राम सभा में ग्राम प्रधान पूनम कुशवाहा, पत्नी छोटेलाल कुशवाहा के नेतृत्व में कराए जा रहे विकास कार्य चर्चा का विषय बने हुए हैं।







ग्राम प्रधान पूनम कुशवाहा के पति छोटेलाल कुशवाहा ने बताया कि गांव का विकास तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक टोले के लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिले। इसी उद्देश्य से ग्राम सभा में लगभग 700 मीटर पक्की नाली, 950 मीटर आरसीसी सड़क तथा करीब 1500 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है।
सरकारी विद्यालय बना गार्डेन, गांव के स्कूल में शहर जैसा माहौल
ग्राम सभा पुरैनी के विकास की चर्चा में सरकारी विद्यालय की तस्वीर भी खास महत्व रखती है। यहां विद्यालय को गार्डेन के रूप में विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के लिए आंतरिक्ष विज्ञान कक्ष, खेलकूद की उत्तम व्यवस्था, आरओ प्लांट तथा आधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में ग्राम प्रधान पूनम कुशवाहा, पत्नी छोटेलाल कुशवाहा का प्रयास सराहनीय बताया जा रहा है। विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने का प्रयास भी किया गया है। गांव के सरकारी स्कूल में शहर जैसा माहौल तैयार करने की यह पहल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाली है।
14 टोलों की जनता के लिए निःशुल्क निजी एम्बुलेंस
ग्रामीणों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधान पूनम कुशवाहा के पति छोटेलाल कुशवाहा ने निजी एम्बुलेंस की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है। इसका उद्देश्य जरूरत पड़ने पर बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं गंभीर मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करना है।
छोटेलाल कुशवाहा ने बताया कि ग्राम सभा पुरैनी शहरों से काफी दूर स्थित है। यहां से हाटा की दूरी लगभग 20 किलोमीटर, रामकोला 12 किलोमीटर, कप्तानगंज 17 किलोमीटर तथा कसया करीब 20 किलोमीटर है। ऐसी स्थिति में अचानक किसी ग्रामीण की तबीयत खराब होने या आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर एम्बुलेंस की उपलब्धता बड़ी समस्या बन जाती है।
इसी भौगोलिक स्थिति और ग्रामीणों की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने निजी एम्बुलेंस के माध्यम से निःशुल्क सेवा करने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि आपातकाल में मरीज को अस्पताल पहुंचाने में आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बननी चाहिए। ग्रामीणों को जरूरत के समय एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
शिक्षा और बाल विकास पर भी विशेष ध्यान
ग्राम सभा में लगभग 10 हजार की आबादी के लिए आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं भी महत्वपूर्ण हैं। यहां एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री भवन तथा छह सहायिकाओं की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए ग्राम प्रधान ने बाल विकास एवं प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी लर्निंग लैब का निर्माण, उच्च प्राथमिक विद्यालय का बेहतर स्तर पर रखरखाव और मरम्मत जैसे कार्य भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
अमृत सरोवर से मनरेगा पार्क तक विकास की पहल
ग्राम सभा में जल संरक्षण और ग्रामीण परिवेश को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अमृत सरोवर, मनरेगा पार्क तथा कूड़ा-कचरा नियंत्रण केंद्र जैसी योजनाओं पर भी कार्य कराया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य गांव को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।
जर्जर एएनएम सेंटर का भवन बना चिंता का विषय
विकास कार्यों के बीच ग्राम सभा का पुराना एएनएम सेंटर भवन गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर बताई जा रही है और कभी भी ध्वस्त होने की आशंका जताई गई है। ग्राम प्रधान पूनम कुशवाहा के पति छोटेलाल कुशवाहा ने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी मोतीचक को जानकारी देते हुए भवन की स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने मांग की है कि पुराने जर्जर भवन को नियमानुसार ध्वस्त कराकर उसके स्थान पर नए एएनएम सेंटर का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और किसी संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके।
विवाह भवन का निर्माण हो तो ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
ग्राम सभा पुरैनी में विकास की अगली प्राथमिकताओं में विवाह भवन का निर्माण भी शामिल है। छोटेलाल कुशवाहा का कहना है कि गांव में शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक सार्वजनिक विवाह भवन की कमी महसूस की जा रही है। यदि ग्राम सभा में विवाह भवन का निर्माण हो जाए तो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों सहित सभी ग्रामीणों को मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी राहत मिल सकती है।
विकास के साथ भविष्य की जरूरतों पर भी नजर
ग्राम सभा पुरैनी में सड़क, नाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों के साथ अब नए एएनएम सेंटर और सार्वजनिक विवाह भवन जैसी जरूरतें भी सामने आई हैं। ग्रामीणों की अपेक्षा है कि संबंधित विभाग इन मांगों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई करें।
ओके भारत गंगा न्यूज के विशेष कवरेज में ग्राम सभा पुरैनी की विकास संबंधी तस्वीर सामने आई है। गांव के सरकारी विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं और शहर जैसा शैक्षणिक माहौल तैयार करने की पहल से लेकर ग्रामीणों के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा तक, यहां विकास के कई पहलुओं को देखने का अवसर मिला है।

